पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट, पुलिस आयुक्त व डीएम ने परखी तैयारियां, मातहतों को दिए निर्देश
वाराणसी। आगामी 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए वाराणसी प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं परीक्षा प्रभारियों की संयुक्त बैठक लेकर विस्तृत ब्रीफिंग की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अधिकारियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर नामित प्रभारी अधिकारियों को छोड़कर किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को मोबाइल फोन के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारियों की चेकिंग, फ्रिस्किंग और ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।
परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वारों पर सघन एवं व्यवस्थित जांच की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि जांच के दौरान अभ्यर्थियों की गरिमा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा निर्धारित इनक्लोजर में कराई जाएगी, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की जांच अलग व्यवस्था के तहत होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को केवल वैध प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और निर्धारित पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड, कैलकुलेटर, वॉलेट, कैप, सनग्लासेस, आभूषण तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर लाउडहेलर के माध्यम से अभ्यर्थियों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश, सुरक्षा संबंधी जानकारी और परीक्षा नियमों से अवगत कराया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित एवं अनुशासित बनी रहे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में परीक्षार्थियों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षा स्थल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के लिए कहा गया।
परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने और उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने, अफवाहों का तत्काल खंडन करने तथा पूर्व में परीक्षा अनियमितताओं और नकल के मामलों में संलिप्त रहे तत्वों एवं नकल माफियाओं पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सजगता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने की हिदायत देते हुए कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूर्णतः पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने भी सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने और परीक्षा प्रक्रिया को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न थाना प्रभारियों की उपस्थिति रही।

