वाराणसी में दिनदहाड़े गोली मारकर कॉलोनाइजर की हत्या, इलाके में दहशत, छानबीन में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव के अरिहंतनगर कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने गुरुवार की सुबह गोली मारकर कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या कर दी। बदमाशों ने कनपटी पर सटाकर गोली मारी। घटना के बाद बदमाश कॉलोनी का रास्ता पकड़कर रिंग रोड की तरफ भाग निकले। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। 

कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम गुरुवार की सुबह अपने घर से अरिहंतनगर अपने कार्यक्षेत्र पर बाइक से जा रहे थे। अरिहंत नगर कॉलोनी में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। बदमाशों ने महेंद्र को तीन गोलियां मारी। कनपटी पर सटाकर गोली मारी। वहीं एक गोली उनकी गर्दन और एक बाइक पर लगी। इसके साथ ही महेंद्र लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। 

घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय निवासियों ने तत्काल घायल को महलदिहया स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि कॉलोनाइजर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। इसके जरिये बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।

Share this story