सीएम योगी आज आएंगे वाराणसी, बाढ़ प्रभावित इलाकों का करेंगे हवाई सर्वेक्षण, बाबा विश्वनाथ का लेंगे आशीर्वाद
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वह गंगा और वरुणा के बढ़े जलस्तर से प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री राहत शिविर पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लेंगे और उन्हें आपदा राहत किट वितरित करेंगे। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। देर शाम लखनऊ लौट जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे आजमगढ़ से हेलीकॉप्टर के जरिए वाराणसी पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इससे पहले वह हेलीकॉप्टर से गंगा और वरुणा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस में जनप्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ करीब 20 मिनट तक बैठक कर बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सलारपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए राहत शिविर पहुंचेंगे। शिविर में 40 परिवार रह रहे हैं, जिनमें 65 पुरुष, 60 महिलाएं, 34 बच्चे और छह बुजुर्ग शामिल हैं। यहां 160 से अधिक बाढ़ पीड़ितों से मुख्यमंत्री सीधे बातचीत कर शिविर में मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेंगे। साथ ही पीड़ित परिवारों को आपदा राहत किट वितरित करेंगे। राहत शिविर के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से शाम 7:30 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ रवाना होंगे।

