आज वाराणसी आएंगे सीएम योगी, लागू रहेगा रूट डायवर्जन, मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर नहीं जाएंगे वाहन
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार की शाम वाराणसी पहुंचेंगे। सीएम श्री काशी विश्वनाथ और कालभैरव का दर्शन-पूजन करेंगे। सीएम के आगमन के मद्देनजर प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। खासतौर से मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
7 जुलाई के लिए रूट डायवर्जन
एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा के अनुसार अमर उजाला तिराहे से वीवीआईपी के आगमन से तीन घंटे पहले टेंपो ट्रैवलर, आयोजक बसें और क्रूजर जैसे वाहनों को लहुराबीर व मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को लकड़ी मंडी की तरफ मोड़ा जाएगा। विश्वेश्वरगंज तिराहा से वीवीआईपी के आगमन से दो घंटे पहले चार पहिया वाहनों को मैदागिन की तरफ जाने से रोका जाएगा। वाहनों को गोलगड्डा तिराहा की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।
राजघाट पुल की ओर से सूजाबाद की तरफ जाने वाले मालवाहक वाहनों का संचालन वीवीआईपी के आगमन से दो घंटे पहले पूरी तरह बंद रहेगा। लहुराबीर और मरीमाई तिराहा से तेलियाबाग व मैदागिन की तरफ किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें क्रमशः मलदहिया और गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। भोजूबीर तिराहा से जेपी मेहता तिराहा तथा जेपी मेहता तिराहा से भोजूबीर व सेंट्रल जेल तिराहा की तरफ वाहनों का जाना वर्जित रहेगा। इन वाहनों को अर्दली बाजार और आशियाना चौराहा की तरफ मोड़ा जाएगा।
कचहरी चौराहा से सर्किट हाउस की तरफ जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। इसी तरह, लहरतारा से चांदपुर की तरफ और मंडुवाडीह से लहरतारा की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए भी मार्ग परिवर्तन किया गया है। वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान से दो घंटे पहले और कुछ प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
8 जुलाई के लिए रूट डायवर्जन
भोजूबीर से जेपी मेहता तिराहा मार्ग पर वाहनों को अर्दली बाजार तिराहा की तरफ भेजा जाएगा। जेपी मेहता तिराहा से भोजूबीर जाने वाले वाहनों को सेंट्रल जेल तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा। कचहरी चौराहा से सर्किट हाउस मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यहां से वाहनों को अंबेडकर चौराहा की तरफ भेजा जएगा। गिलट बाजार तिराहा से भोजूबीर जाने वाले वाहनों को शिवपुर चुंगी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
बसों और भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
बाबतपुर की तरफ से आने वाली सभी रोडवेज और निजी बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहा से परमानंदपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इन बसों को ओवरब्रिज पर जाने की अनुमित नहीं दी जाएगी। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसें सिर्फ रिंगरोड अंडरपास चौराहा तक ही आ सकेंगी। वहां से उन्हें परमानंदपुर की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा।

