सीएम योगी ने बाबा विश्वनाथ और काशी कोतवाल का लिया आशीर्वाद, बरेका में कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की शाम श्री काशी विश्वनाथ धाम और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान विधिविधान से अभिषेक और पूजनकर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। कालभैरव मंदिर से निकलते समय फूल-माला बेचने वाले परिवार की बच्ची को दुलारा। वहीं परिजनों से भी बात की। सीएम ने दर्शन-पूजन के बाद बरेका में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण कर तैयारी देखी। इस दौरान अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

कालभैरव मंदिर से निकलते समय मुख्यमंत्री की नजर माला-फूल बेचने वाले की दुकान पर बैठी एक छोटी बच्ची पर पड़ी। उन्होंने बच्ची को स्नेहपूर्वक दुलारा और उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उसकी बड़ी बहन से भी बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के परिजनों से भी संक्षिप्त वार्ता की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) का दौरा किया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और किसी प्रकार की कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और जनसुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। उनका यह दौरा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
तस्वीरें ...














