Cm Yogi ने नगर निगम चुनाव की समीक्षा, बीजेपी कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

Vns
वाराणसी। उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की स्मैक्षा को लेकर बीजेपी की कमान सीएम योगी आदित्यनाथ ने संभाल ली है। सीएम ने निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। वाराणसी के क्षेत्रीय कार्यालय में सीएम योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम वाराणसी और नगर पंचायत गंगापुर में होने वाले चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक की। वाराणसी महानगर के सभी 100 वार्डो के साथ ही गंगापुर नगर पंचायत के चेयर मैन पद सहित 10 वार्डो के चुनावों में बीजेपी का परचम फहराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख कार्यकर्ताओ संग बैठक कर तैयारियों की समीक्षा किया।
Vns
 बैठक में सीएम योगी ने अब तक हुई चुनावी तैयारियों का हाल जाना और जीत के लिए जरूरी निर्देश (टिप्स) दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारे पास कानून व्यवस्था और विकास का बेहद मजबूत आधार है। मजबूत कानून व्यवस्था, विकास, बेहतरीन बुनियादी सुविधाएं व जनकल्याण भाजपा की शीर्ष प्राथमिकता है। निकाय चुनाव में इन्हीं मुद्दों पर भाजपा के प्रत्याशी जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। हमें सिर्फ हर निकाय प्रमुख पद पर ही जीत दर्ज करने पर ही केंद्रित नहीं होना है बल्कि सभी निकायों में भाजपा के स्पष्ट बहुमत का बोर्ड बनवाने पर भी गंभीरता से ध्यान देना है। उन्होंने सभी भाजपा प्रत्याशियों को विजय हासिल करने की शुभकामनाएं भी दीं। 
Vns
मुख्यमंत्री ने वाराणसी महानगर एवं नगर पंचायत गंगापुर में निकायों में अब तक हुई चुनावी तैयारियों की मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों एवं चुनाव संचालन समिति के लोगों से विस्तार से जानकारी ली। बैठक वाराणसी के निकाय चुनाव पर केंद्रित रही। बैठकों में प्रत्याशियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद सीएम योगी ने कहा कि वाराणसी में हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में 9 वर्षों में लोगों ने देश, प्रदेश, काशी के बदलते माहौल को देखा है। इसी बदलते माहौल में इस बार के नगर निकाय चुनाव में आपके साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार की ताकत है। इस चुनाव में एक और इंजन जोड़कर हर निकाय क्षेत्र में ट्रिपल इंजन सरकार का गठन करना है। जनता के बीच यह संदेश स्पष्ट होना चाहिए कि ट्रिपल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण को बुलेट ट्रेन की रफ्तार देने की गारंटी होगी। उन्होंने कहा कि सभी निकायों में अभूतपूर्व विकास कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की वृहद सूची है। जन संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों को परिणाम में परिलक्षित करने की जिम्मेदारी से हर एक कार्यकर्ता को जुड़ना होगा। 
Vns
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चुनाव में मजबूत कानून व्यवस्था और बिना भेदभाव विकास, जनकल्याण ही मुद्दा होगा। हमें सिर्फ इस पर ही ध्यान देना है। सुरक्षा के माहौल में खूब विकास हो रहा है और सभी पात्रों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यह जनता खुद देख रही है। कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे के साथ जनता के बीच बने रहना है। सीएम योगी ने कहा कि चुनाव के दौरान लोगों को यह बताएं कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार ने क्या किया है और क्या कर रही है? यह संदेश स्पष्ट होना चाहिए कि कमल निशान जीतेगा तो और विकास लेकर आएगा। एक-एक योजना की उपलब्धि सब तक पहुंचनी चाहिए। 
Vns
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में मौजूद लोगों में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यों के बल पर अब निकाय चुनाव में भी विधान सभा चुनाव की तरह परिणाम आएगा। हर नगर निगम में भाजपा का महापौर, निकाय में चेयरमैन और बहुमत का बोर्ड भी भाजपा का बनाना है। जनहित में ऐसा होना जरूरी भी है। इसलिए सभी को बिना रुके, बिना थके, बिना डिगे सतत अपने लक्ष्य के प्रति आगे बढ़ते रहना है। मुख्यमंत्री ने कहा निकाय क्षेत्र की जनता अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस कर रही है। हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि हम अपने-अपने क्षेत्र में हर मतदाता को मतदान के लिए प्रेरित करें। चुनाव प्रचार के साथ ही मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का अभियान भी सतत चलते रहना चाहिए। अधिकाधिक मतदान लोकतंत्र की समृद्धि के लिए भी आवश्यक है। गर्मी होने के बावजूद मतदान प्रतिशत बढ़ाने में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। 
Vns
सीएम योगी ने चुनाव में जीत का फॉर्मूला समझाते हुए जनसंर्पक और संवाद पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए वार्डों में सभी प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी सुबह-शाम डोर टू डोर जनसंर्पक करें। दोपहर में सामाजिक टोली के रूप में अलग अलग वर्गों यथा अधिवक्ता, शिक्षक, चिकित्सक, व्यापारी, उद्यमी आदि के साथ बैठक कर संवाद करें। कोई भी समुदाय छूटना नहीं चाहिए। हर व्यक्ति तक मजबूत कानून व्यवस्था और विकास से आए बदलाव का संदेश पहुंचना चाहिए। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। हर कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने सभी सांसदों, विधायकों को लक्ष्य देते हुए कहा कि सांसद-विधायक अपने अपने क्षेत्र के निकाय में पार्टी प्रत्याशी की जीत दर्ज कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने संगठन पदाधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को भी निकाय चुनाव में लगाकर उन्हें जिम्मेदारी दी जाए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर वार्ड में एक नुक्कड़ सभा होनी चाहिए जिससे पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहोल बनेगा।
      
Vns
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महापौर प्रत्याशी अशोक तिवारी, चेयरमैन प्रत्याशी स्नेहलता सेठ, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, डॉ दयाशंकर मिश्र "दयालू", पूनम मौर्या, एमएलसी अशोक धवन, विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक गण सौरभ श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, टी.राम, सुनील पटेल, प्रदेश मंत्री द्वय शंकर गिरी,मीना चौबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, अशोक चौरसिया, सुशील त्रिपाठी, जगदीश त्रिपाठी मंचासिन रहे। वही शतरुद प्रकाश शिवनाथ यादव, चेतनारायण सिंह, केदार नाथ सिंह, सुरेंद्र नारायण सिंह, डॉ वीणा पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, संजय राय, राकेश शर्मा,नवरतन राठी,संतोष सोलापुरकर, राजेश राजभर, श्रीप्रकाश शुक्ला, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, सुरेश सिंह, शैलेंद्र मिश्रा, किशोर सेठ, नंदजी पाण्डेय सहित सभी वार्डों के भाजपा प्रत्याशी, वार्ड संयोजक, वार्ड प्रभारी, प्रदेश, क्षेत्र ,जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story