सीएम योगी ने नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश
वायु सेना के एयर शो में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
22 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट
अधिकारियों ने प्रोजेक्ट मानचित्र के जरिए मुख्यमंत्री को तैयारियों की दी जानकारी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान नमो घाट पर आगामी एयर शो की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था समेत आयोजन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के शामिल होने की संभावना
नमो घाट पर 22 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के तहत 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।

गंगा घाटों की सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट के साथ ही अन्य गंगा घाटों पर भी सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एयर शो से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा गया।

प्रोजेक्ट मानचित्र से समझीं तैयारियां
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और सेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को एयर शो की तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने प्रोजेक्ट मानचित्र के माध्यम से आयोजन स्थल और प्रस्तावित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से बताया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, सुनील पटेल और टी. राम सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






