सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश : वाराणसी समेत यूपी के सभी बड़े शहरों में रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर नकेल कसने के लिए योगी सरकार ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 17 नगर निगमों, जिनमें वाराणसी भी शामिल है, को विशेष निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत नगर निकायों में कार्यरत रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की पूरी सूची तैयार कर कमिश्नर और आईजी को सौंपने का आदेश दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, वाराणसी नगर निगम को भी अपने सभी विभागों—स्वच्छता, ठेका कर्मी, निर्माण इकाइयों आदि में कार्यरत बाहरी कर्मचारियों का तत्काल सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

सीएम योगी ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में घुसपैठियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता नीति अपनाई जाएगी। इसी क्रम में उन्होंने हर मंडल में डिटेंशन सेंटर बनाने के निर्देश जारी किए हैं। प्रथम चरण में कमिश्नरों और आईजी को स्थान चयन कर डिटेंशन सेंटर निर्माण कार्य शुरू करने का आदेश दिया गया है।

निर्देश मिलते ही वाराणसी सहित सभी संबंधित जिलों में प्रशासनिक अमला एक्शन मोड में आ गया है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन टीमें संवेदनशील क्षेत्रों, किराए के मकानों, अस्थायी बस्तियों और नगर निकायों में लगे बाहरी कर्मियों का सत्यापन अभियान तेज करने में जुट गई हैं।

सरकार का मानना है कि यह कार्रवाई प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगी और घुसपैठियों की पहचान व नियंत्रित करने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

Share this story