वाराणसी आएंगे सीएम योगी, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे की होगी निगरानी, पुलिस आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को अधिकारियों और कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सघन जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाए। कार्यक्रम स्थल तथा वीआईपी मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए व्यापक चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

वीआईपी मूवमेंट को सुचारु बनाने के लिए पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही वीआईपी मार्ग को पूरी तरह अवरोधमुक्त रखने पर जोर दिया गया।

भीड़ नियंत्रण के संबंध में पुलिस आयुक्त ने “नो टच पॉलिसी” का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। महिला प्रतिभागियों की जांच और प्रबंधन केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किए जाने की बात कही गई। उन्होंने नव नियुक्त आरक्षियों की ड्यूटी अनुभवी पुलिसकर्मियों के साथ लगाने तथा उन्हें पूर्व में आवश्यक प्रशिक्षण और ब्रीफिंग देने के निर्देश भी दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल तथा वीआईपी मार्ग के आसपास संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाने, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने तथा पूरे क्षेत्र को “नो फ्लाई जोन” घोषित कर उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर रोक सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय से पूर्व ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन के साथ विनम्र और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Share this story