सीएम योगी और हिमंता बिस्व सरमा ने काशी कोतवाल और बाबा विश्वनाथ दरबार में लगाई हाजिरी, लोक कल्याण की कामना की
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को काशी में बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। मंदिर में दोनों ने विधिवत दर्शन-पूजन और आरती की। इसके बाद दोनों मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्याण की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काल भैरव मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से स्नेहपूर्वक मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट दी। दोनों मुख्यमंत्रियों के मंदिर पहुंचने को लेकर परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।






