सीएम ने परियोजनाओं का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व टाइमलाइन को लेकर दिखे सख्त, अफसरों को दिए निर्देश
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा के अंदर पूर्ण कराए जाएं। इसी किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों का निरीक्षण करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने तिलक जी की मूर्ति से भारत सेवा आश्रम तक निर्माणाधीन सड़क का जायजा लिया और अधिकारियों से भौतिक प्रगति की जानकारी ली। नगर क्षेत्र में 47 करोड़ रुपये की लागत से छह स्मार्ट एवं हाईटेक सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें गोलघर चौराहा से एलटी कॉलेज, घंटी मिल से सिगरा थाना, सिगरा चौराहा से औरंगाबाद, सुंदरपुर मुख्य मार्ग से मुंशी पार्क होते हुए चेरियन हॉस्पिटल तथा रविदास गेट से ट्रॉमा सेंटर तक की सड़कें शामिल हैं। लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इन सड़कों के किनारे फुटपाथ और हरियाली विकसित की जा रही है, ताकि आमजन को सुगम आवागमन के साथ बैठने व ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सके।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पांडेयपुर स्थित मेंटल हॉस्पिटल की 14.2 एकड़ भूमि पर बन रहे नए मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2027 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस मेडिकल कॉलेज में 150 एमबीबीएस छात्रों के अध्ययन की व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने कार्य में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।


