श्री काशी विश्वनाथ धाम में आए श्रद्धालुओं में बांटे कपड़े के थैले, ‘पॉलीथिन मुक्त काशी’ का दिया संदेश
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में सोमवार को श्रद्धा और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘गंगा स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत नमामि गंगे अभियान की ओर से बाबा दरबार में आए श्रद्धालुओं के बीच कपड़े के थैले वितरित कर पॉलीथिन के उपयोग को त्यागने के लिए जागरूक किया गया।

यह अभियान राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय के आह्वान पर चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
धाम परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं को कपड़े के झोले वितरित किए गए और उन्हें पॉलीथिन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। अभियान के तहत लोगों को समझाया गया कि पॉलीथिन न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यह मानव स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है और गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि काशी और गंगा को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घर से निकलते समय कपड़े का थैला साथ रखें और पॉलीथिन के उपयोग से बचें। इस जागरूकता कार्यक्रम में हरि कृष्ण शर्मा, राजीव शर्मा, विजय यादव, आलोक शुक्ला, साक्षी शर्मा, कबीर शर्मा, नियति शर्मा, संदीप भोसले, धैर्य शर्मा सहित कई गंगा सेवक और श्रद्धालु शामिल रहे।

