वाराणसी से जम्मू के लिए जल्द चलेगी क्लोन ट्रेन, माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को होगी सहूलियत 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी से जम्मू की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे प्रशासन वाराणसी-जम्मू रेल मार्ग पर क्लोन ट्रेन संचालित करने की तैयारी में है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से विशेष रूप से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और लंबी वेटिंग की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

वर्तमान में वाराणसी से जम्मू के लिए चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। खासकर 12237 वाराणसी-जम्मूतवी बेगमपुरा एक्सप्रेस, 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस तथा पटना से चलकर वाराणसी होकर गुजरने वाली 12355 अर्चना एक्सप्रेस में अधिकांश दिनों सीटों की लंबी प्रतीक्षा सूची बनी रहती है। ऐसे में रेलवे ने अतिरिक्त सुविधा के रूप में क्लोन ट्रेन चलाने की योजना बनाई है।

सप्ताह में केवल दो दिन संचालित होने वाली 22317 हमसफर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को चलती है, जबकि 13041 हिमगिरि एक्सप्रेस रविवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होती है। इन ट्रेनों में यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए क्लोन ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, क्लोन ट्रेन का उद्देश्य उन्हीं मार्गों पर अतिरिक्त ट्रेन उपलब्ध कराना है, जहां नियमित ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अधिक रहता है। इससे यात्रियों को यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी और त्योहारों व अवकाश के दौरान टिकटों की मारामारी भी कम होगी।

Share this story