काशी में 17 सितंबर से स्वच्छता का महाअभियान, दो लाख परिवारों को मुफ्त मिलेंगे चार लाख डस्टबिन
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर नगर निगम वाराणसी में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को नई गति देने के लिए विशेष अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत शहर के दो लाख परिवारों को चार लाख डस्टबिन निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक परिवार को दो डस्टबिन-एक हरा और एक नीला-दिया जाएगा, ताकि घर-घर से गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही नागरिक शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संचालित स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट का भी विस्तार किया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार, वर्ष 2014 में काशी से शुरू हुए स्वच्छ भारत अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए यह पहल की जा रही है। डस्टबिन वितरण का उद्देश्य लोगों को स्रोत स्तर पर ही कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित करना है। हरे डस्टबिन का उपयोग फल-सब्जियों के अवशेष, पत्ते, भोजन के बचे हुए हिस्से और अन्य जैविक कचरे के लिए किया जाएगा, जबकि नीले डस्टबिन में प्लास्टिक, कागज, कांच, चिप्स के रैपर, चप्पल और अन्य सूखा कचरा रखा जाएगा। इससे कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और पुनर्चक्रण को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वच्छता अभियान के साथ-साथ नगर निगम नागरिक सुविधाओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था को भी मजबूत करने जा रहा है। 21 जुलाई से गंगा तटवर्ती 25 वार्डों में शुरू किए गए 'त्वरित-समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट' का दूसरा चरण 17 सितंबर से शुरू होगा। इसके तहत 25 नए वार्डों को जोड़कर परियोजना का दायरा बढ़ाकर कुल 50 वार्डों तक कर दिया जाएगा।
इस परियोजना के माध्यम से नगर निगम के छह विभागों से संबंधित 14 प्रमुख नागरिक समस्याओं का समाधान अधिकतम चार घंटे के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है। शिकायत दर्ज करने के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक निर्धारित नंबर 8601872601 पर अपनी शिकायत भेज सकेंगे। शिकायत मिलते ही सिस्टम उसे संबंधित अधिकारी तक लाइव फोटो और जीपीएस लोकेशन के साथ पहुंचाएगा। शिकायतकर्ता को तुरंत टिकट आईडी मिलेगी, जबकि अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेंगे और मोबाइल एप के माध्यम से समाधान की तस्वीर अपलोड करेंगे। जीपीएस और समय के सत्यापन के बाद शिकायत का स्टेटस स्वतः अपडेट होकर बंद हो जाएगा और इसकी सूचना शिकायतकर्ता को भी मिल जाएगी।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी से पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया था। उनके जन्मदिवस पर नगर निगम उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा कि चार लाख डस्टबिन के वितरण से कचरा पृथक्करण की व्यवस्था मजबूत होगी, जबकि स्मार्ट शिकायत निस्तारण प्रणाली के विस्तार से नागरिकों को उनकी समस्याओं का तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल वाराणसी का निर्माण करना है।

