काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास कैमरों से होगी सफाई की निगरानी, स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से जुड़े कैमरे, गंदगी फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास की गलियों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अब कैमरों से निगरानी की जाएगी। मंदिर क्षेत्र की गलियों में लगे कैमरों को स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से जोड़ा गया है। इसके जरिए सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी और गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि स्वच्छ व सुंदर काशी की परिकल्पना को साकार करने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। मंदिर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही गलियों में अतिक्रमण और अन्य अव्यवस्थाओं पर भी नजर रखी जाएगी।
प्रमुख गलियों में शुरू होगी निगरानी
शहर में इधर-उधर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कैमरों की मदद ली जाएगी। प्रथम चरण में कालभैरव, दशाश्वमेध, बंगाली टोला, विश्वनाथ और मानमंदिर वार्डों में सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए कैमरे लगाए जाएंगे। इसके बाद शहर के अन्य वार्डों को भी योजना से जोड़ा जाएगा।
हर 500 मीटर पर लगेंगे कैमरे
नगर निगम की योजना के तहत प्रत्येक 500 मीटर पर कैमरे लगाए जाने की तैयारी है। इन कैमरों को स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा, जहां से सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
कर्मचारियों की उपस्थिति भी होगी दर्ज
कैमरों के जरिए सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति पर भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों से उनके मोबाइल नंबर लिए जा रहे हैं और उन्हें क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे सफाई व्यवस्था की निगरानी के साथ कर्मचारियों की तैनाती और उपस्थिति की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी।

