मानसून से पहले एक्शन मोड में नगर निगम, अस्सी-नगवां में नालों की सफाई तेज, मेयर और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम ने नालों की सफाई और सड़कों की मरम्मत को लेकर अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु पाल ने अस्सी, नगवां और सीर गोवर्धन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नालों की सफाई की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

123

महापौर ने विशेष रूप से नगवां और आसपास के इलाकों में नालों की सफाई व्यवस्था को बारीकी से परखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की सिल्ट पूरी तरह हटाई जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि नालों में जमा कचरा और गाद समय पर साफ नहीं होने से शहरवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है, इसलिए इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

123

निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर क्षेत्र की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और सड़कों की स्थिति के बारे में फीडबैक भी लिया। नागरिकों ने जल निकासी व्यवस्था में सुधार को लेकर कई सुझाव दिए, जिस पर महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

123

वहीं नगर आयुक्त हिमांशु पाल ने विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निरीक्षण में पाई गई कमियों को तुरंत दूर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों के पैचवर्क और मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जहां-जहां सड़कें खराब हैं, वहां शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा कराया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में दिक्कत न हो।

123

इस मौके पर पार्षद अक्षवयर सिंह, सुरेश सिंह, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आरके सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर निगम का यह अभियान शहर को मानसून के लिए तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share this story