BHU में हेल्प डेस्क को लेकर छात्र संगठनों में टकराव, NSUI ने लगाया भेदभाव का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

विश्वविद्यालय प्रशासन पर ABVP को अनुमति देने और अन्य संगठनों को रोकने का आरोप, हेल्प डेस्क हटाने के दौरान धक्का-मुक्की का दावा

वाराणसी। बीएचयू में नए विद्यार्थियों की सहायता के लिए लगाए जा रहे हेल्प डेस्क को लेकर छात्र संगठनों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच विवाद खड़ा हो गया। NSUI BHU समेत अन्य छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों का कहना है कि उन्हें हेल्प डेस्क लगाने से रोका गया, जबकि ABVP को इसकी अनुमति दी गई।

NSUI कार्यकर्ताओं के अनुसार, विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, छात्रावास, छात्रवृत्ति और विश्वविद्यालय से संबंधित अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हेल्प डेस्क लगाया जा रहा था। संगठन का कहना है कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है। ऐसे में किसी एक छात्र संगठन को हेल्प डेस्क लगाने की अनुमति देना और अन्य संगठनों को रोकना समानता के सिद्धांत के विपरीत है।

123

NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हेल्प डेस्क हटाने के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के कर्मचारियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और जबरदस्ती की। कार्यकर्ताओं का दावा है कि इस दौरान उनके बैनर-पोस्टर और कुर्सियां हटाने अथवा छीनने का प्रयास भी किया गया। कार्रवाई के विरोध में NSUI तथा अन्य छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर जोरदार विरोध दर्ज कराया और प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाए।

छात्र संगठन ने कहा कि BHU जैसे प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय में सभी छात्र संगठनों के लिए समान नियम लागू होने चाहिए। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने हेल्प डेस्क लगाने को लेकर कोई नियम या प्रक्रिया तय की है तो उसे सभी संगठनों पर समान रूप से लागू किया जाना चाहिए। NSUI का आरोप है कि एक संगठन को अनुमति और दूसरे संगठनों को रोकने की कार्रवाई से परिसर में छात्र संगठनों के साथ समान व्यवहार को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

123

NSUI BHU की ओर से कहा गया कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा। नए विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा छात्रों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर संगठन अपनी गतिविधियां जारी रखेगा।

विरोध के दौरान NSUI BHU की ओर से मुरारी यादव, आशुतोष, विवेक, आलोक, प्रियदर्शन मीना, निक्सन, प्रिंस, निशांत गुप्ता, वैभव जायसवाल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से हेल्प डेस्क के मामले में स्पष्ट नियम और सभी छात्र संगठनों के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

Share this story