सियासत के गलियारों तक पहुंची अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत और सिंगर समर सिंह कहानी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की संदिग्ध हालात में मौत पर कयासबाजियों के दौर जारी हैं। पुलिस आरोपित सिंगर और आजमगढ़ निवासी समर सिंह के विदेश भागने से रोकने के लिए लुक आउट नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। लेकिन सूत्र बताते हैं कि इस सिंगर की सियासत के गलियारों में भी गहरी पैठ है। आकांक्षा की मौत के बाद यह मामला अब सियासत के गलियारों तक पहुंच चुका है। समर सिंह समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के मिशन 2022 के चुनाव में पार्टी के लिए कई गाने गा चुका है। बताया तो यह भी जाता है कि उसे पार्टी की सदस्यता अखिलेश यादव ने ही दिलाई थी। सपा के लिए उसके गाये कई गाने आज भी गूगल पर सुने और देखे जा सकते हैं।

akancha

समर सिंह के प्रोफाइल से हालांकि कई चीजें घटना के बाद से गायब हैं। उसके पसंदीदा भोजपुरी फिल्म के हीरो और गायकों में रवि किशन, दिनेश लाल यादव निरहुआ, पवन सिंह और खेसारी लाल यादव है। शुक्रवार को अपनी बेटी की मौत के मामले में आरोपित समर और उसके भाई संजय की गिरफ्तारी के लिए सारनाथ थाने पहुंची आकांक्षा की मां मधु दुबे ने बताया कि आरोपित का नाम समर सिंह यादव है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी करने में हीलाहवाली कर रही है। बेटी की मौत के गम में मां कभी सख्त तो कभी भावुक होकर बिलखने लगती। वह बार-बार आरोप लगा रही है कि समर सिंह उसकी बेटी को अक्सर मारता पीटता था। प्रताड़ित करता था। घटना से कुछ दिन पहले बेटी को मरवा देने की धमकी दी गई थी। समर के साथ बेटी ने एलमब में काम किया लेकिन उसने कोई पैसा नही दिया। धोखाधड़ी, प्रताड़ना, मारपीट के आरोप लगाए लेकिन रपट सिर्फ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा 306 के तहत रपट दर्ज हुई।

akancha

मां ने सवाल किया कि उसके आरोपों के आधार पर बाकी धाराएं क्यों नही लगाई गईं? उधर, सूत्रों की मानें तो सिंगर, उसके परिवार के लोग और शुभचिंतक उसे बचाने की जुगत में सियासत के गलियारों में दस्तक दे रहे हैं। दबाव बनाने की कोशिशें हो रही हैं। आकांक्षा की मां यह बात अच्छी तरह जानती है कि सिंगर की पहुंच कहां-कहां और किससे हैं। क्योंकि बेटी जरूर सिंगर के करीब रही लेकिन वह अपनी मां को सारी बात बताती भी थी। यही वजह है कि उसे न्याय मिलने पर संदेह होने लगा है और वह दूसरी बार थाने धमक पड़ी। मां के सवाल सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों को बयान देना पड़ा कि आरोपितों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। सब जानते हैं कि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई अभिनेता और गायकों की सियासत कितनी पकड़ है।

akancha

ऐसा कैसे सम्भव है कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में हुई इस चर्चित घटना की उन्हें जानकारी न हो। लेकिन शोक संवेदनाओं के अलावा कोई खुलकर अभी सामने नही आया है। अबतक तो यह मामला मृतका आकांक्षा दुबे के परिवार और सिंगर समर सिंह के बीच था। शुक्रवार को जनसत्ता पार्टी के लोग आकांक्षा की मां के साथ थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नही होती तो आंदोलन बड़ा होगा। यानी अब आकांक्षा की मौत का मामला सियासी रंग लेने लगा है। आकांक्षा की मौत के बहाने सत्ता पर भी निशाने साधे जा रहे हैं। देखना है कि आरोपित न्याय के कठघरे में खड़ा किया जाता है या आकांक्षा की मौत सियासत की भेंट चढ़ जाएगी?

Share this story