काशी से शुरू होगी 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना'
- योगी सरकार शिक्षकों को देगी स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा उपहार
- वाराणसी के 1,145 विद्यालयों के 12,407 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य शिक्षा कर्मियों को मिलेगा लाभ
- आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा होगी उपलब्ध
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 8 जुलाई को वाराणसी दौरा प्रस्तावित, योजना का कर सकते हैं शुभारंभ
वाराणसी। शिक्षकों के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा को नई मजबूती देते हुए योगी सरकार काशी से 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' की शुरुआत करने जा रही है। आयुष्मान भारत योजना की तर्ज पर संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत वाराणसी के 1,145 बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के 12,407 पात्र शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने 8 जुलाई के प्रस्तावित वाराणसी दौरे के दौरान इस योजना का शुभारंभ कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इस योजना की घोषणा की थी। अब इसका शुभारंभ काशी से प्रस्तावित है। योजना का उद्देश्य शिक्षकों एवं शिक्षा कर्मियों को गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान आर्थिक चिंता से मुक्त कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे शिक्षक उपचार की चिंता से मुक्त होकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।

वाराणसी के 12 हजार से अधिक शिक्षा कर्मियों को मिलेगा लाभ
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि योजना का लाभ वाराणसी जिले के 12,407 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य शिक्षा कर्मियों को मिलेगा। जिले के 1,145 विद्यालयों के पात्र कर्मचारियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
विद्यालय एवं लाभार्थियों का विवरण
कुल विद्यालय : 1,145
शिक्षक : 6,580
शिक्षामित्र : 1,538
अनुदेशक : 348
रसोइया : 3,802
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी : 135
स्पेशल एजुकेटर : 4

वर्जन
योगी सरकार की यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी। उपचार के लिए आर्थिक संसाधनों की चिंता नहीं रहेगी तथा समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह शिक्षकों के सम्मान और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
– तूबा असीम
सहायक अध्यापिका
कंपोजिट विद्यालय, गंगापुर, आराजी लाइंस, वाराणसी

वर्जन
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हजारों शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी और वे अधिक आत्मविश्वास एवं समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
– राजीव सिंह
सहायक अध्यापक
प्राथमिक विद्यालय, केसरीपुर खास

