मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह : वाराणसी में 59 जोड़ों की कराई गई शादी, दिए गए उपहार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी में शुक्रवार को सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी तस्वीर देखने को मिली, जब सिगरा स्थित शहीद उद्यान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 59 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। दो दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन एक ही मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार और निकाह की आयतों की गूंज ने गंगा-जमुनी तहजीब को साकार कर दिया।

123

समारोह में 24 हिंदू जोड़ों ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर विवाह संस्कार संपन्न किया, जबकि 34 मुस्लिम जोड़ों ने अपनी परंपराओं के अनुसार निकाह कबूल किया। एक ही परिसर में दोनों समुदायों के वैवाहिक अनुष्ठानों का आयोजन सामाजिक एकता और सौहार्द का प्रतीक बना। मुख्य अतिथियों ने पुष्प वर्षा कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह भारत की समावेशी संस्कृति का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बेटियों की शादी बड़ी जिम्मेदारी होती है, जिसे इस योजना ने काफी हद तक आसान बना दिया है। यह पहल निर्धन परिवारों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पूर्व एमएलसी अशोक धवन ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। योजना के तहत प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये व्यय किए गए, जिसमें 60 हजार रुपये सीधे कन्या के खाते में, 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री और 15 हजार रुपये विवाह व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए।

Share this story