मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह : 183 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, मिले उपहार और चेक 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत रविवार को श्री बलदेव इंटरमीडिएट कॉलेज, बड़ागांव परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण, सामाजिक रीति-रिवाज और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कुल 183 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में बड़ागांव विकास खंड के 84 तथा पिंडरा विकास खंड के 99 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।

123

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ अवधेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद पुरोहितों ने एक साथ वैदिक मंत्रोच्चारण करते हुए विधिवत पूजन, हवन और विवाह संस्कार संपन्न कराए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस समारोह में हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह तथा मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का निकाह भी संपन्न कराया गया। सभी नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रतीकात्मक 60 हजार रुपये का डमी चेक, वस्त्र, उपहार सामग्री और विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

123

विधायक ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि अग्नि को साक्षी मानकर लिए गए सात वचन जीवनभर निभाए जाते हैं और कन्यादान सबसे बड़ा पुण्य माना गया है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

123

जिलाधिकारी ने सभी नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस योजना को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ लागू कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ मिल सके।

Share this story