विज्ञान भारती के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी, बीएचयू हेलीपैड से आजमगढ़ के लिए हुए रवाना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय काशी दौरे के दूसरे दिन शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित स्वतंत्रता भवन में आयोजित विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों तथा विज्ञान भारती के पदाधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पहले से ही सुदृढ़ कर दी गई थीं। स्वतंत्रता भवन परिसर में प्रवेश से पूर्व सभी आगंतुकों की गहन जांच की गई तथा कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई थी।

123

राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे बीएचयू हेलीपैड पहुंचे। यहां पहले से ही उनका हेलीकॉप्टर तैयार खड़ा था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपने उड़न खटोले पर सवार होकर अगले कार्यक्रम के लिए आजमगढ़ रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री के आवागमन को देखते हुए बीएचयू परिसर से लेकर हेलीपैड तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विश्वविद्यालय सुरक्षा कर्मियों के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को तैनात किया गया था। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे और पूरे रूट पर निगरानी बनाए रखी।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए थे। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से लोगों को सड़क मार्ग पर वाहन खड़े न करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही थी। मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।

मुख्यमंत्री के काशी प्रवास के दौरान प्रशासनिक अमला पूरे समय सक्रिय और सतर्क दिखाई दिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री के आजमगढ़ रवाना होते ही प्रशासन ने राहत की सांस ली और सुरक्षा व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से सामान्य किया गया।

Share this story