वाराणसी के लिए गौरव: द्रोणाचार्य सम्मान से नवाजे जाएंगे छोटे लाल यादव, मैरीकॉम के रह चुके हैं पर्सनल कोच
वाराणसी। भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम के कोच और दिग्गज मुक्केबाज मैरीकॉम के व्यक्तिगत कोच रहे छोटे लाल यादव को प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य सम्मान से नवाजा जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) परिवार और वाराणसी के खेल जगत में खुशी का माहौल है। छोटे लाल यादव का बरेका से पारिवारिक नाता भी रहा है।

बरेका में टेक्नीशियन थे पिता
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि छोटे लाल यादव के पिता राधा कृष्ण यादव बनारस रेल इंजन कारखाना की सब-असेंबली शॉप में टेक्नीशियन (मशीनिस्ट) के पद पर कार्यरत थे। वह वर्ष 2011 में BLW से सेवानिवृत्त हुए थे। ऐसे में उनके बेटे को देश के प्रतिष्ठित खेल प्रशिक्षक सम्मानों में शामिल द्रोणाचार्य सम्मान मिलना बरेका परिवार के लिए भी गौरव का अवसर है।
मैरीकॉम के व्यक्तिगत कोच के रूप में बनाई पहचान
छोटे लाल यादव ने भारतीय महिला मुक्केबाजी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वविख्यात भारतीय मुक्केबाज मैरीकॉम के व्यक्तिगत कोच के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया।
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि छोटे लाल यादव की उपलब्धि उनकी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। साथ ही यह बरेका से जुड़े परिवारों की प्रतिभा और उपलब्धियों को भी रेखांकित करती है।
बरेका परिवार ने दी बधाई
छोटे लाल यादव को द्रोणाचार्य सम्मान के लिए चुने जाने पर बरेका परिवार ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। बरेका ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पूरे परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का अवसर बताया है।

