छठी महोत्सव : मणि मंदिर में गूंजे सोहर और बधाई गीत, ठाकुर जी को लगा छप्पन भोग, भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित मणि मंदिर, श्रीधर्मसंघ प्रांगण में बुधवार को ठाकुर जी का छठी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की कड़ी में आयोजित इस उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सोहर और बधाई गीतों की प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए। झूले पर विराजमान कान्हा की बाल स्वरूप छवि और सखाओं संग बाल लीलाओं की झलक ने भक्तों को भावविभोर किया।
छठी महोत्सव के अवसर पर ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके साथ ही आधुनिक केक के स्वरूप में विशेष रूप से तैयार कराया गया करीब 11 किलो का मलाई भोग भी लड्डू गोपाल को समर्पित किया गया। मंदिर परिसर में विविध प्रकार के मिष्ठानों का भोग भी लगाया गया। धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी ने श्रद्धालुओं पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर उत्सव की खुशियां साझा कीं। गुलाब की पंखुड़ियों से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भगवान के आनंद उत्सव में शामिल होकर भाव-विभोर नजर आए।

ख्यात भजन गायक आर्यन बाबू एवं कृष्ण कुमार तिवारी ‘कृष्णा’ ने सोहर और बधाई गीतों की प्रस्तुति से माहौल को कृष्णमय बना दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। तबले पर पंकज राय, ऑर्गन पर रंजन और पैड पर अनिल ने संगत की।
विशेष आरती के बाद वितरित हुआ प्रसाद
सायंकाल धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी के सानिध्य में देव विग्रहों की भव्य आरती उतारी गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच छप्पन भोग और विशेष मलाई भोग का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कलाकारों एवं विशिष्टजनों का स्वागत धर्मसंघ के महामंत्री पंडित जगजीतन पाण्डेय ने किया। महोत्सव में डीआईजी वैभव कृष्ण, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, राजमंगल पाण्डेय, कृष्णानंद पाण्डेय सहित अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे। छठी महोत्सव के आयोजन से मणि मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल बना रहा। भक्तों ने कान्हा के बाल स्वरूप के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

