वाराणसी में पालतू कुत्तों की जांच शुरू, बिना पंजीकरण वाले कुत्ते मिले तो लगेगा जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम ने शहर में पालतू कुत्तों के पंजीकरण और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर पशु कल्याण अधिकारी संतोष पाल के नेतृत्व में यह अभियान शुरू किया गया।

अभियान के तहत ब्रिज एन्क्लेव कॉलोनी में नगर निगम की टीम ने 50 घरों की जांच की। जांच के दौरान 9 घरों में पालतू कुत्ते पाए गए, जिनमें से 8 कुत्तों का पंजीकरण नहीं मिला। केवल एक व्यक्ति ने नगर निगम के माध्यम से पंजीकरण करा रखा था।

टीम ने मौके पर ही स्मार्ट काशी ऐप की मदद से आठों कुत्तों का पंजीकरण करवाया और सभी का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। नगर निगम का यह कदम पालतू जानवरों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ-साथ सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि पालतू कुत्तों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराएं, अन्यथा 5000 का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, यदि जुर्माना नहीं भरा गया तो पालतू कुत्तों को नगर निगम द्वारा जब्त भी किया जा सकता है।

नगर निगम ने पालतू पशुपालकों को स्मार्ट काशी ऐप का उपयोग कर पंजीकरण कराने और समय-समय पर अपने पालतू जानवरों की जांच करवाने की सलाह दी है। यह अभियान शहर के अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध रूप से चलाया जाएगा।

Share this story