सीएचसी शिवपुर ने गुणवत्ता के मानकों में रचा नया मुकाम, एनक्यूएएस रिवैलिडेशन में मिले 83.87 प्रतिशत अंक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवपुर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तकनीकी सहयोगी संस्थान की ओर से किए गए एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स) रिवैलिडेशन असेसमेंट में सीएचसी शिवपुर को 83.87 प्रतिशत का समग्र स्कोर मिला है। मूल्यांकन के बाद केंद्र को चिकित्सीय सेवाओं के लिए गुणवत्ता प्रमाणन प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से स्वास्थ्य विभाग में खुशी का माहौल है।

रिवैलिडेशन मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं और व्यवस्थाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के आधार पर परखा गया। इस दौरान इमरजेंसी, ओपीडी, लेबर रूम, इन-पेशेंट विभाग, सहायक सेवाएं, सामान्य प्रशासन, ऑपरेशन थिएटर, प्रयोगशाला, रेडियोलॉजी और फार्मेसी समेत कुल 10 विभागों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। केंद्र ने सभी निर्धारित प्रमाणन मानदंडों को पूरा किया।

मूल्यांकन में सीएचसी शिवपुर का कुल स्कोर 83.87 प्रतिशत रहा। खास बात यह रही कि प्रत्येक विभाग के लिए निर्धारित न्यूनतम गुणवत्ता मानकों को भी केंद्र ने पूरा किया। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता, प्रबंधन व्यवस्था और मरीज-केंद्रित सेवाओं से जुड़े विभिन्न मानकों पर भी संस्थान का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया।

रिवैलिडेशन के दौरान रोगी संतुष्टि को भी विशेष महत्व दिया गया। इसमें सीएचसी शिवपुर को 85 प्रतिशत का रोगी संतुष्टि स्कोर प्राप्त हुआ। यह स्कोर अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं और मरीजों के अनुभव के प्रति सकारात्मक स्थिति को दर्शाता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने सीएचसी शिवपुर की इस उपलब्धि पर चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और सभी कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस गुणवत्ता प्रमाणन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। सीएचसी शिवपुर की उपलब्धि जनपद के अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि प्रमाणन हासिल करने के बाद भी निर्धारित मानकों के अनुपालन में किसी तरह की कमी न आने दें और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार करते रहें।

सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित, सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। एनक्यूएएस के तहत चिन्हित सुधार के क्षेत्रों पर लगातार काम करते हुए सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने सीएचसी शिवपुर की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

Share this story