चौकाघाट-नमोघाट मार्ग की बदलेगी सूरत, अवैध होर्डिंग हटेंगे और डिवाइडर पर लगेंगे रंगीन झंडे

123
WhatsApp Channel Join Now

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया निरीक्षण, कज्जाकपुरा आरओबी और अंडरपास पर होगी थीमैटिक पेंटिंग

वाराणसी। शहर में पर्यटन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चौकाघाट से नमोघाट तक के मार्ग का कायाकल्प किया जाएगा। सड़क को सुंदर, स्वच्छ और हरियाली से युक्त बनाने के साथ ही अवैध विज्ञापनों को हटाया जाएगा। मार्ग के डिवाइडर पर रंग-बिरंगे झंडे लगाए जाएंगे, जबकि सड़क के किनारे पाथवे दुरुस्त कर पौधरोपण कराया जाएगा। शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

123

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सड़क पर जगह-जगह अव्यवस्था, दबे हुए मैनहोल, डिवाइडर पर बेतरतीब ढंग से बढ़ी झाड़ियों और सफाई से जुड़ी समस्याओं को देखा। उन्होंने बिजली के खंभों पर लगे अवैध विज्ञापनों और होर्डिंग्स को तत्काल हटाने का निर्देश दिया, ताकि यातायात में बाधा न आए और मार्ग की सुंदरता भी बनी रहे।

123

दबे मैनहोल होंगे ऊंचे, पटरियों पर लगेंगे पौधे
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण के दौरान दब गए या ढक गए मैनहोलों का निरीक्षण कर उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार ऊंचा कराया जाएगा। इससे सीवर व्यवस्था और सफाई कार्य में होने वाली परेशानी दूर करने में मदद मिलेगी। मार्ग के पूरे डिवाइडर पर अलग-अलग रंगों के झंडे लगाए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर पटरियों पर पाथवे की रीसेटिंग कराई जाएगी और ट्री-गार्ड के साथ पौधे लगाए जाएंगे। डिवाइडर पर बढ़ी झाड़ियों और पेड़-पौधों की छंटाई कर उन्हें व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

123

कज्जाकपुरा आरओबी और अंडरपास पर दिखेगी कला
मार्ग के सुंदरीकरण के तहत कज्जाकपुरा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के नीचे मोटिफ आर्ट्स की पेंटिंग कराई जाएगी। आरओबी के दोनों ओर सर्विस रोड पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए नए लाइट प्वाइंट लगाए जाएंगे। राजघाट स्थित भदऊं डाट पुल, कज्जाकपुरा अंडरपास और अलईपुर अंडरपास पर वर्ली आर्ट की थीमैटिक पेंटिंग कराई जाएगी। सिटी स्टेशन की बाउंड्रीवॉल को भी आकर्षक चित्रकारी से सजाया जाएगा।

123

सिल्ट हटाने और ड्रेन की मरम्मत के निर्देश
नगर आयुक्त ने यूनिटी मॉल के सामने और सड़क के विभिन्न हिस्सों में जमा सिल्ट तत्काल हटाने का निर्देश दिया। नमोघाट पर भी सिल्ट सफाई का काम जल्द पूरा कराया जाएगा। राजघाट तिराहे के पास शीतला माता मंदिर के सामने स्थित ड्रेन की मरम्मत कराने और मार्ग के विभिन्न स्थानों पर व्यू कटर लगाने को कहा गया, ताकि यातायात व्यवस्था और दृश्य सौंदर्य बेहतर हो सके।

Share this story