बीएचयू के बिड़ला ‘अ’ छात्रावास के बाहर केक काटने को लेकर बवाल, पथराव, कई छात्र चोटिल, पुलिस ने संभाला मोर्चा
वाराणसी। बीएचयू बिड़ला ‘अ’ छात्रावास के बाहर देर रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब छात्रों द्वारा केक काटने की सूचना पर पहुंचे प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों और छात्रों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आक्रोशित छात्रों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षाकर्मियों ने लाठी भांजकर छात्रों को हॉस्टल तक दौड़ाया। इस दौरान भागते समय कई छात्र चोटिल हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिसबल की तैनाती की गई है।
हॉस्टल के बाहर केक काटने पर बढ़ा विवाद
शनिवार की रात कुछ छात्र छात्रावास के बाहर देर रात केक काट रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्य और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और छात्रों को वहां से हटाने लगे। छात्रों का आरोप है कि सुरक्षाकर्मी लाठी लेकर पहुंचे और उन्हें जबरन खदेड़ते हुए छात्रावास तक दौड़ाया। इस दौरान धक्का-मुक्की और भगदड़ में कुछ छात्रों को चोटें भी आई हैं।

छात्रों ने हॉस्टल की लाइटें बंदकर जताया विरोध
घटना के बाद छात्रावास के अंदर छात्रों में आक्रोश बढ़ गया। बताया जा रहा है कि कई छात्रों ने छात्रावास की लाइट बंद कर विरोध जताया और बीच-बीच में परिसर की ओर पत्थरबाजी करते रहे। इससे विश्वविद्यालय परिसर में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा।
एसीपी और थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
परिसर में बवाल की सूचना पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा और भेलूपुर थाने की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक मौके पर डटे रहे और हालात पर नजर बनाए रखी।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, जांच में जुटा प्रशासन
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों तथा जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

