वाराणसी जंक्शन पर अव्यवस्था, B.ed प्रवेश परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों ने झेली परेशानी, बोले-नहीं मिलीं बुनियादी सुविधाएं
वाराणसी। उत्तर प्रदेश बीएड प्रवेश परीक्षा देकर घर लौटने पहुंचे छात्रों को वाराणसी रेलवे स्टेशन पर भारी अव्यवस्था और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ा। बिहार समेत विभिन्न जिलों से आए परीक्षार्थियों ने स्टेशन पर बदइंतजामी, पानी की कमी, मोबाइल चार्जिंग की समस्या और ट्रेनों के लंबे इंतजार को लेकर नाराजगी जताई।

बिहार के पटना जनपद के जहानाबाद से परीक्षा देने आए परीक्षार्थी आशीष आनंद ने बताया कि परेशानी केवल रेलवे स्टेशन तक सीमित नहीं रही, बल्कि वाराणसी पहुंचने के बाद परीक्षा केंद्र खोजने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि केंद्र का सही पता बताने के लिए कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं थी। स्थानीय लोगों, ऑटो और बस चालकों से पूछताछ के बाद किसी तरह परीक्षा केंद्र तक पहुंचना संभव हो सका।

परीक्षा समाप्त होने के बाद जब छात्र वापस लौटने के लिए वाराणसी रेलवे स्टेशन पहुंचे तो वहां भारी भीड़ और अव्यवस्था देखने को मिली। छात्रों के मुताबिक स्टेशन परिसर में अत्यधिक भीड़ होने के कारण खड़े होने तक की जगह नहीं थी और कई लोगों को घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद स्टेशन पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं थी। वहीं मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट्स की कमी के चलते छात्रों को इधर-उधर भटकना पड़ा।

छात्रों ने प्रशासन द्वारा घोषित ‘एग्जाम स्पेशल’ ट्रेनों के दावों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि कागजों पर बेहतर व्यवस्थाओं की बात कही गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर पर्याप्त सुविधाएं नजर नहीं आईं। कई छात्रों को एक से डेढ़ घंटे या उससे अधिक समय तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।

परीक्षार्थियों ने रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों से मांग की है कि भविष्य में बड़े परीक्षा आयोजनों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा, पेयजल, चार्जिंग पॉइंट्स और अतिरिक्त ट्रेनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले छात्रों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
तस्वीरें ...









