SIT की क्लीन चिट मिलने के बाद काशी पहुंचे चंपत राय, नरसिंह मठ में किया दर्शन-पूजन, बोले- काशी ज्ञान और प्रकाश देने वाली आध्यात्मिक नगरी
वाराणसी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय SIT की क्लीन चिट मिलने के बाद शनिवार को अयोध्या से काशी पहुंचे। आध्यात्मिक नगरी में पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले मणिकर्णिका घाट स्थित सिद्धपीठ नरसिंह मठ में दर्शन-पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने योगीराज स्वामी नरसिंह भारती जी महाराज की जीवित समाधि के दर्शन किए। इसके बाद श्री कोलाहल नरसिंह भगवान, श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में पूजित भगवान राम की प्रतिमा, श्री त्रिकोटेश्वर महादेव और संत ज्ञानेश्वर जी की पूजा-अर्चना की।

काशी की गलियों में भ्रमण के दौरान चंपत राय ने कहा कि काशी सदैव ज्ञान और प्रकाश देने वाली नगरी रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी पवित्र नगरी में आना अपने आप में सुखद आनंद की अनुभूति कराता है। यहां वेद मंत्रों की ध्वनि और सिद्ध संतों का दर्शन सौभाग्य से प्राप्त होता है। काशी की आध्यात्मिकता और धार्मिक वातावरण को उन्होंने परम सुख देने वाला बताया।

मणिकर्णिका घाट स्थित सिद्धपीठ पहुंचने पर चंपत राय का श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ काशी के विजय चौधरी, विकास मेहरा, सुरेश जायसवाल, परशुराम उपाध्याय, समर्थ केसरी, राष्ट्रवादी सौरभ, राम कृष्ण गुप्ता, एडवोकेट अनुपम खन्ना तथा संकल्प जी, संगठन मंत्री काशी दक्षिण समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

सिद्धपीठ में चंपत राय का स्वागत ज्योतिषाचार्य बिट्टू झा, नितिन शुक्ला, अभिनव दुबे, अनंत जोशी, सुजीत चौधरी, आशीष कोइराला और अनूप महाराज समेत अन्य लोगों ने किया। दर्शन-पूजन के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा। काशी प्रवास के दौरान चंपत राय ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर संतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने काशी की आध्यात्मिक परंपरा और धार्मिक महत्व की भी सराहना की।


