जनगणना 2027 : प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू, पहले होगी घरों की गणना, 33 बिंदुओं पर इकट्ठा करेंगे डिटेल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आगामी जनगणना 2027 को सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार से जनपद के 11 चयनित विद्यालयों और प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रगणकों (एन्यूमरेटर) और सुपरवाइजरों का जोनवार प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए जिले में कुल 3117 प्रगणक और 523 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। 

नगर आक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षण सत्रों में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा सभी कर्मियों को ‘एचएलओ मोबाइल ऐप’ के इंस्टॉलेशन, संचालन और डेटा संग्रह की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण, भवनों की गणना और परिवारों से जुड़ी अहम जानकारियां एकत्र करने का अभ्यास कराया जाएगा।

जनगणना के तहत कुल 33 बिंदुओं पर डेटा संग्रह किया जाएगा, जिसमें परिवार के सदस्यों की उम्र, शिक्षा, व्यवसाय और उपयोग में आने वाले ऊर्जा स्रोत जैसी महत्वपूर्ण सूचनाएं शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल प्रणाली से डेटा संग्रह की प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी और तेज होगी।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में सभी नामित प्रगणकों और सुपरवाइजरों की उपस्थिति अनिवार्य है। बिना किसी ठोस कारण के अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ ‘जनगणना अधिनियम’ के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों से समय पर प्रशिक्षण में शामिल होने की अपील की है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शहर के विभिन्न जोनों में स्थित 11 केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। इनमें आदमपुर जोन के नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी, भेलूपुर जोन के बंगालीटोला इंटर कॉलेज सोनारपुरा और कम्पोजिट विद्यालय सुंदरपुर, दशाश्वमेध जोन के एएनएमए मॉडल स्कूल और आर्य महिला इंटर कॉलेज, कोतवाली जोन के कबीरचौरा स्थित कम्पोजिट विद्यालय, वरुणापार जोन के जेपी मेहता इंटर कॉलेज कचहरी, ऋषि मांडवी जोन के सिल्वर ग्रोव स्कूल महेशपुर-शिवदासपुर, सारनाथ जोन के सुधाकर महिला पीजी कॉलेज पाण्डेयपुर, डीआईईटी सारनाथ और सेंट फ्रांसिस जेवियर्स स्कूल ताड़िया तथा रामनगर जोन के प्रभु नारायण इंटर कॉलेज शामिल हैं।

Share this story