सीडीओ ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की, आयुष्मान कार्ड प्रगति धीमी मिलने पर अधिकारियों का वेतन रोका

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड की प्रगति पर चर्चा की गई। इस दौरान योजना की धीमी प्रगति पर सीडीओ ने अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। 

समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को फटकार लगाते हुए उनके साथ-साथ आयुष्मान सेल में कार्यरत कर्मियों का लगातार दूसरे महीने का वेतन रोकने का निर्देश दिया। इसके अलावा आयुष्मान नोडल डॉ. आर. के. सिंह का भी कार्य में लापरवाही और निर्देशों का पालन न करने पर वेतन अवरुद्ध कर दिया गया।

123

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में क्षमता के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों की भर्ती सुनिश्चित की जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों से अधिक से अधिक बच्चों को संदर्भित करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने, टीबी नोटिफिकेशन रेट में सुधार और गर्भवती महिलाओं की चार प्रसव पूर्व जांच (फोर एएनसी) में वृद्धि करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित बच्चों के शत-प्रतिशत उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया। उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी के पांचवें स्थान पर रहने पर संतोष व्यक्त करते हुए सीडीओ ने कहा कि स्वास्थ्य सूचकांकों में लगातार सुधार बनाए रखना जरूरी है, ताकि जिले की रैंकिंग और बेहतर हो सके।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान जिले के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा अन्य स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this story