सीबीआई-ईडी का भय दिखाकर 49.78 लाख रुपये की ठगी, छह नामजद समेत आठ पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का डर दिखाकर एक व्यक्ति से 49.78 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर मंडुवाडीह पुलिस ने छह नामजद और दो-तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा अखरी निवासी अशोक कुमार मल्ल ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने खुद को जांच एजेंसियों से जुड़ा बताकर उनके परिवार के खिलाफ कार्रवाई का भय पैदा किया। आरोपियों ने दावा किया कि उनके परिजनों के बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध लेन-देन में हुआ है और जांच से बचने के लिए रकम जमा करनी होगी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने परिवार के परिचित होने का भरोसा दिलाते हुए पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 16,78,500 रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद डर और दबाव बनाकर करीब 33 लाख रुपये नकद भी वसूल लिए। इस तरह पीड़ित से कुल 49 लाख 78 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी विनय कुमार गौड़ ने स्वयं को सीबीआई और ईडी का अधिकारी बताते हुए झूठा विश्वास दिलाया। आरोपियों ने जांच में फंसाने और पूरी संपत्ति जब्त कराने का भय दिखाकर रकम ऐंठी। पीड़ित को ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
मामले में विनय कुमार गौड़, उनकी पत्नी उर्मिला देवी, बेटा विवेक कुमार गौड़, विकास कुमार गौड़ सहित छह नामजद और दो-तीन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। मंडुवाडीह थाना प्रभारी निरीक्षक अजय राज वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों के लेन-देन, मोबाइल नंबरों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

