कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ को काशी में महामृत्युंजय जप, श्री काशी विश्वनाथ धाम में 21 शास्त्रियों ने किया विशेष अनुष्ठान
वाराणसी। फ्लाई दुबई की उड़ान में गंभीर स्थिति के दौरान घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना को लेकर गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष अनुष्ठान किया गया। मंदिर परिसर स्थित घाट पर 21 शास्त्रियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन और रुद्राभिषेक किया। अनुष्ठान के माध्यम से कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई।
पूजन के दौरान कुशा-जल से महादेव का अभिषेक किया गया। इसके साथ ही महामृत्युंजय मंत्र का जाप भी किया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से बताया गया कि 11 शास्त्रियों द्वारा एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों के जाप का आयोजन किया जाना है। इसका उद्देश्य कैप्टन स्मित के उत्तम स्वास्थ्य और शीघ्र आरोग्य की कामना करना है।
कैप्टन स्मित मच्छार उस समय चर्चा में आए, जब फ्लाई दुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान में कॉकपिट के भीतर गंभीर घटना हुई। इस दौरान कैप्टन स्मित घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने विमान और उसमें सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। विमान को बाद में सऊदी अरब के ताबुक में उतारा गया।
घटना के बाद कैप्टन स्मित के साहस की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख लोगों ने सराहना की। प्रधानमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। काशी विश्वनाथ धाम में हुए विशेष अनुष्ठान में शास्त्रियों ने वैदिक मंत्रों के साथ उनकी कुशलता की कामना की।

