एयरपोर्ट पर कार्गो टर्मिनल का विस्तार, किसानों के लिए बना वेटिंग रूम
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर कार्गो टर्मिनल की सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इसके तहत टर्मिनल में किसानों के लिए वेटिंग रूम सहित अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की गई हैं। बुधवार को भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने इसका उद्घाटन किया।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि पहले एयर कार्गो टर्मिनल की क्षमता 5 टन प्रतिदिन तक थी, जिसे बढ़ाकर 10 टन प्रतिदिन कर दिया गया है। इससे किसानों और एफपीओ को अपने उत्पाद अधिक आसानी से बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
वेटिंग रूम में किसानों को अपने उत्पादों को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई गई है। एयर कार्गो टर्मिनल में नए किसान सुविधा कक्ष भी बनाए गए हैं। इस दौरान बताया गया कि पूर्व में यहां से मुख्य रूप से केला, आम, भिंडी, मटर और मिर्च समेत कई कृषि उत्पाद विदेशों तक भेजे जाते रहे हैं।
कार्गो टर्मिनल की क्षमता बढ़ने के बाद किसानों को अपने उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने और बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद जगी है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल और शैलेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।

