कैंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किराए के मकान से अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने किराए के मकान में बिना लाइसेंस अंग्रेजी शराब का भंडारण कर उसे चोरी-छिपे बिहार ले जाकर बेचने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में शराब और नगदी बरामद हुई है।

प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम टकटकपुर अनौला स्थित मकान संख्या एस-26/231-ए-3, अर्दली बाजार में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 608 अदद ऑफिसर चॉइस (180 मिली) और 134 अदद 8 पीएम (180 मिली) अंग्रेजी शराब बरामद की। कुल मिलाकर 134 लीटर शराब की बरामदगी हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 96,460 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही 30 हजार रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं, जो संभवतः अवैध बिक्री से अर्जित किए गए थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गौरव साहनी निवासी बसही, थाना चेरिया बरियारपुर, जिला बेगूसराय (बिहार) और अरविंद साहनी (35 वर्ष) पुत्र जगदीश साहनी निवासी कुम्भी सकरबसा, थाना चेरिया बरियारपुर, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई। दोनों आरोपी किराए के मकान में अवैध रूप से शराब का स्टॉक कर बिहार में तस्करी करने की प्लानिंग बना रहे थे।

इस संबंध में थाना कैंट में मु0अ0सं0-0211/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के साथ उपनिरीक्षक सत्यम यादव, अभिषेक सिंह, आशुतोष तिवारी, महिला उपनिरीक्षक आरती गौड़, हेड कांस्टेबल मिथलेश कुमार सिंह, महिला कांस्टेबल स्नेहा पांडेय और कांस्टेबल राजन कुमार राव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share this story