कैंट जीआरपी ने महिला तस्कर को पकड़ा, अवैध शराब बरामद, बिहार ले जा रही थी खेप
वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी टीम ने एक महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से अवैध शराब की खेप बरामद की गई। महिला लंबे समय से वाराणसी से बिहार के पटना जिले में शराब की तस्करी कर रही थी। पूछताछ में उसने करीब दो वर्षों से इस अवैध कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की है। जीआरपी उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
लेखपाल भर्ती परीक्षा को देखते हुए रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जीआरपी की टीम को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके पास से शराब बरामद हुई, जिसके बाद उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि वह ट्रेनों के जरिए वाराणसी से शराब लेकर पटना पहुंचाती थी। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण वह इस धंधे से लंबे समय से जुड़ी हुई थी। जीआरपी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा शराब की सप्लाई कहां से की जाती थी।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने बताया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी अभियान के तहत महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई।

