कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर के एस्कार्ट में तैनात सिपाही रेप केस में गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर युवती का किया शारीरिक शोषण
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक मामले में पुलिस ने कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर के सुरक्षा एस्कार्ट में तैनात आरक्षी प्रशांत राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और उसका गर्भपात कराने का आरोप है।

पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, प्रशांत राय ने उसे शादी का विश्वास दिलाकर करीब चार वर्षों तक संबंध बनाए रखा। इस दौरान आरोपी ने दो बार गर्भपात भी कराया। युवती का आरोप है कि वह लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, जिससे वह उसके झांसे में रही। लेकिन बाद में आरोपी ने 25 अप्रैल को किसी अन्य युवती से शादी कर ली, जिसके बाद पीड़िता को धोखे का अहसास हुआ।

मामले को लेकर पीड़िता ने सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सिपाही प्रशांत राय मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना के चंद्रगढ़ का निवासी है। गाजीपुर रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात था।

