मिर्जामुराद में भीषण सड़क हादसा, छुट्टा पशु से टकराकर बस डंपर में घुसी, चालक-परिचालक समेत कई घायल
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के रखौना गांव स्थित नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज से वाराणसी की ओर आ रही सिविल लाइन डिपो की रोडवेज बस अचानक सामने आए छुट्टा पशु से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर आगे खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे में चालक-परिचालक समेत कई घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक ने पशु को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बस पहले पशु से टकराई और फिर तेज रफ्तार में डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पशु की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में चालक विनोद कुमार पटेल और परिचालक जितेंद्र (32) व संदीप कुमार (45) समेत दर्जनों यात्री घायल हो गए। घायलों में अशोक सिंह (36), संतोष साहनी (30), इब्राहिम अली (40), ममता देवी (30), पिंकी मिश्रा (24), संतोष कुमार (22), विक्रम कुशवाहा (42) और आनंद कुमार (30) सहित कई अन्य लोग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

