कैंट स्टेशन पर मिली नोटों की गड्डियां, 16 लाख कैश बरामद, संदिग्ध धराया, आयकर विभाग करेगा पूछताछ
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से एक अहम मामला सामने आया है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को नियमित चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से लगभग 16 लाख रुपये नकद बरामद किए। इतनी बड़ी राशि मिलने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। संदिग्ध के पास रुपयों से संबंधित कोई कागजात नहीं मिले। इस पर उसे हिरासत में लेते हुए पैसे जब्त कर लिए गए। आयकर विभाग की टीम इसकी जांच करेगी।

बुधवार को प्लेटफॉर्म नंबर 8 और 9 पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान काशी की ओर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा नजर आया। उसकी गतिविधियां असामान्य लगने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से कुल 16 लाख रुपये बरामद हुए।

पूछताछ में व्यक्ति की पहचान रवि गुलाटी, पुत्र ज्ञानचंद गुलाटी, निवासी तिलहर (जनपद शाहजहांपुर) के रूप में हुई। उसने बताया कि वह बनारस से बेगमपुरा एक्सप्रेस के जरिए शाहजहांपुर जाने की तैयारी में था। आरोपी ने दावा किया कि उसकी शाहजहांपुर में कॉस्मेटिक की दुकान है और वह वाराणसी कटे-फटे नोट बदलवाने आया था।

हालांकि, जब उससे इतनी बड़ी नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इससे अधिकारियों को संदेह गहरा गया। जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि आरोपी ने पहले खुद को पहली बार वाराणसी आने वाला बताया था, लेकिन तकनीकी जांच में उसकी लोकेशन हिस्ट्री से स्पष्ट हुआ कि वह पहले भी कई बार शहर आ चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने इसकी सूचना आयकर विभाग को दे दी है। फिलहाल आयकर विभाग इस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद नकदी का वास्तविक स्रोत क्या है और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

