दालमंडी में बुलडोजर एक्शन जारी, 13 भवनों का ध्वस्तीकरण, ड्रोन से संकरी गलियों की निगरानी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। दालमंडी में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन रविवार को भी जारी रहा। नगर निगम और वाराणसी विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम की अगुवाई में 13 भवनों का ध्वस्तीकरण कराया गया। इस दौरान एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं ड्रोन के माध्यम से संकरी गलियों की निगरानी की गई। 

123

प्रशासन के अनुसार, दालमंडी क्षेत्र में कुल 13 ऐसे भवन चिह्नित किए गए थे, जो या तो अवैध रूप से बनाए गए थे या बेहद जर्जर स्थिति में थे। इन भवनों को सुरक्षा की दृष्टि से खतरा माना जा रहा था। इसी के तहत नियमानुसार नोटिस और प्रक्रिया पूरी करने के बाद ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और पीएसी के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया। संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले हिस्सों में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन ने ड्रोन कैमरों से निगरानी कराई। साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को निर्देश दिए गए और आवाजाही को नियंत्रित किया गया।

123

नगर निगम और VDA के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में सुरक्षा, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है। दालमंडी लंबे समय से घनी आबादी, संकरी गलियों और पुराने भवनों के कारण चुनौतीपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में जर्जर इमारतों से हादसे की आशंका बनी रहती है।

Share this story