वाराणसी में 4-5 जून को होगी ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक, सदस्य देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 4 और 5 जून को ब्रिक्स देशों की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक बैठक आयोजित होने जा रही है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में ब्रिक्स समूह के सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे और सांस्कृतिक सहयोग को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। बैठक को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाराणसी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए इस बैठक का आयोजन यहां किया जा रहा है। सम्मेलन के दौरान ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, विरासत संरक्षण और रचनात्मक सहयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के संस्कृति मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। सम्मेलन का आयोजन शहर के प्रतिष्ठित होटल ताज में किया जाएगा। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक विषयों पर विचार-विमर्श के साथ-साथ भविष्य की सहयोग योजनाओं पर भी चर्चा होगी।

विवेक अग्रवाल ने बताया कि भारत वर्तमान में ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक समन्वय को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को सशक्त करना भारत की प्राथमिकताओं में शामिल है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सदस्य देशों के बीच सहयोग की दिशा और आगे की रणनीति पर अंतिम निर्णय सामूहिक सहमति के आधार पर ही लिया जाएगा।

बैठक के बाद 5 और 6 जून को ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों की तीसरी बैठक आयोजित होगी, जबकि 6 और 7 जून को ब्रिक्स सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव में सदस्य देशों की कला, संस्कृति, संगीत, नृत्य और पारंपरिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। वाराणसी में होने जा रहा यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन शहर की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा।

Share this story