बड़ी खबर : लहरतारा में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ध्वस्त, दो की मौत, दो घायल, मची अफरातफरी
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा में मंगलवार को घर में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। वहीं घर में मौजूद दो लोगों की मौत हो गई। वहीं मां-बेटे घायल हो गए। धमाके के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद डीसीपी आकाश पटेल, एडीसीपी नीतू समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर छानबीन में जुटी रही।

घटना जीटी रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास एक गली में हुई। धमाके के समय घर में कुल चार लोग मौजूद थे। हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एडीसीपी नीतू ने बताया कि सुबह आठ बजे सूचना मिली कि मकान ध्वस्त हो गया है। कई लोग उसके अंदर फंसे है। इस पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस, फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। मलबा हटाकर घायलों को निकाला गया। सभी को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां ओमप्रकाश (28 वर्ष) और प्रीति (24वर्ष) की मौत हो गई। दोनों भाई-बहन हैं। वहीं घायलों में एक गिरिजा देवी और उसका बेटा मुन्नू शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

एडीसीपी ने बताया कि गिरिजा देवी अपने तीन बच्चों के साथ मकान में रहती थी। मकान एक तल्ले का था। घटना के पीछे सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका है। गिरिजा देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पास एक सिलेंडर था। सुबह खाना बनाते वक्त हादसा हुआ। एडीसीपी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।














