22 जुलाई को काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभाओं में होगा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, 2027 चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा
वाराणसी। भाजपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में वाराणसी जिला और महानगर इकाई की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए अशोक चौरसिया ने बताया कि 22 जुलाई को काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी 71 विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तर पर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक बूथ को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।

उन्होंने कहा कि संगठन ने बूथों की कार्य क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष लक्ष्य निर्धारित किए हैं। सी श्रेणी के बूथों को बी श्रेणी तथा बी श्रेणी के बूथों को ए श्रेणी में परिवर्तित करने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संदेश को दोहराया कि "बूथ जीता तो चुनाव जीता", इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को मजबूत बनाने की दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य करना होगा।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने भाजपा के डिजिटल बूथ प्रशिक्षण अभियान को संगठन के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को इस अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बूथों पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सरल ऐप के माध्यम से डिजिटल प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। उनका कहना था कि तकनीकी रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की विचारधारा तथा उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक का संचालन जगदीश त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुरेंद्र पटेल ने प्रस्तुत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, अभिषेक मिश्रा, प्रवीण सिंह गौतम, राहुल सिंह, जेपी दुबे, मधुकर चित्रांश, आलोक श्रीवास्तव, अशोक कुमार जाटव, अरविंद पटेल, साधना वेदांती सहित जिला, महानगर एवं सभी मंडलों के अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

