बाबा विश्वनाथ के दर पहुंचे बोमन ईरानी, दर्शन-पूजन कर लिया आशीर्वाद, बोले- काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा ने मन मोह लिया
वाराणसी। बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी प्रवास के दौरान शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किया। वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुए पूजन के बाद उन्होंने काशी के आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि इस बार उन्हें शहर को बेहद करीब से जानने और समझने का अवसर मिला, जो उनकी कल्पना से कहीं अधिक अद्भुत और अविस्मरणीय रहा।

सुबह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने पर मंदिर परिसर में उनका विधिवत स्वागत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने पूरे श्रद्धाभाव से बाबा विश्वनाथ का पूजन-अर्चन किया। पूजा के दौरान अभिनेता ने मंत्रों का शुद्ध उच्चारण किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने भी सराहना की। काशी निवासी सौरभ ने बताया कि श्रीकांत जी ने वैदिक परंपरा के अनुसार पूजा संपन्न कराई और पूरे अनुष्ठान के दौरान बोमन ईरानी अत्यंत एकाग्रता और श्रद्धा के साथ शामिल रहे।

दर्शन के बाद अभिनेता ने कहा कि उन्होंने वर्षों से काशी के बारे में बहुत कुछ सुना था, लेकिन इस यात्रा में जो अनुभव मिला, वह उनकी कल्पना से कहीं अधिक व्यापक और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि काशी केवल एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति, अध्यात्म और परंपराओं का जीवंत संगम है।

अपने प्रवास के दौरान बोमन ईरानी ने गंगा में क्रूज यात्रा कर काशी के 84 घाटों की भव्यता का अवलोकन किया। उन्होंने आदि केशव घाट और लाट भैरव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया तथा शहर की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और यहां की सांस्कृतिक विरासत हर आगंतुक को गहराई से प्रभावित करती है।
अभिनेता ने बनारस के प्रसिद्ध व्यंजनों का भी स्वाद लिया। उन्होंने विशेष रूप से बनारसी टमाटर चाट की प्रशंसा की और स्थानीय लोगों से शहर की संस्कृति एवं खान-पान पर बातचीत की। इसके अलावा वह अपनी पत्नी के साथ यमुना पीलीकोठी रोड स्थित एम बाजार के पास एक हैंडलूम शोरूम भी पहुंचे, जहां उन्होंने बनारसी बुनकरों की पारंपरिक शिल्पकला को करीब से देखा। शोरूम संचालक आशिफ मतीन के अनुसार अभिनेता ने शुद्ध रेशम से तैयार कतान कढ़ुआ बूटी, कतान चेक कढ़ुआ बूटा और तंचोई जामावार साड़ियां खरीदीं तथा बनारसी हैंडलूम की गुणवत्ता और कारीगरों के हुनर की खुलकर सराहना की।
बोमन ईरानी इससे पहले भी दो बार वाराणसी आ चुके हैं, लेकिन तब उन्हें बाबा विश्वनाथ के दर्शन का अवसर नहीं मिल सका था। अपनी तीसरी यात्रा में दर्शन करने के बाद उन्होंने इसे अपने जीवन का सौभाग्य और अत्यंत आध्यात्मिक अनुभव बताया। सौ से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके बोमन ईरानी ने ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’, ‘डॉन’, ‘जॉली एलएलबी’, ‘ऊंचाई’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय प्रतिभा की छाप छोड़ी है।

