काशी की दिव्यता में डूबीं बॉलीवुड अभिनेत्रियां, गंगा-घाट और गलियों ने मोहा मन
वाराणसी। बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री और पूजा चोपड़ा हाल ही में आध्यात्मिक नगरी काशी की यात्रा पर पहुंचीं। इस दौरान दोनों अभिनेत्रियों ने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक बनारसी रंग में खुद को सराबोर किया। भाग्यश्री ने सबसे पहले विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया, इसके बाद पावन गंगा में नौका विहार कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया।
वहीं अभिनेत्री पूजा चोपड़ा ने भी बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने भी गंगा में नौका विहार किया और घाटों की अलौकिक सुंदरता को नजदीक से देखा। गंगा घाटों की छटा, मंदिरों की भव्यता और वातावरण की पवित्रता देखकर वह अभिभूत नजर आईं।
पूजा चोपड़ा ने बनारस की प्रसिद्ध संकरी गलियों में घूमते हुए काशी की जीवंत संस्कृति को महसूस किया। इस दौरान उन्होंने बनारसी चाट का स्वाद भी लिया और स्थानीय खानपान की जमकर सराहना की। अपनी काशी यात्रा की यादगार तस्वीरें अभिनेत्री पूजा चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि काशी आकर मन को गहरी शांति और सुकून की अनुभूति होती है।

