गंगा में नौका संचालन पर सख्ती, लाइफ जैकेट अनिवार्य, बिना रजिस्ट्रेशन वाली नावों पर लगेगा प्रतिबंध
वाराणसी। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नाविकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित कर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। यातायात सभागार में आयोजित इस बैठक में नाव संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया और स्पष्ट किया गया कि नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने साफ निर्देश दिए कि अब बिना लाइफ जैकेट किसी भी यात्री को नाव में बैठाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही नावों में ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने बताया कि आगामी सप्ताह से सभी नावों का पंजीकरण अनिवार्य कर दिया जाएगा और बिना रजिस्ट्रेशन के कोई भी नाव संचालित नहीं हो सकेगी।

गोष्ठी में नाविकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ अतिथि जैसा व्यवहार करें तथा निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करें। पुलिस आयुक्त ने कहा कि वाराणसी की पहचान उसकी संस्कृति और आतिथ्य से है, इसलिए नाविकों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार करना चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नावों में आवश्यक उपकरणों जैसे लाइफ जैकेट, रस्सी, टॉर्च और प्राथमिक उपचार सामग्री अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही नाविकों को गहरे पानी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने, निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों से दूर रहने की हिदायत दी गई। तेज धारा या भंवर वाले स्थानों पर नाव की गति नियंत्रित रखने और अन्य नावों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में नाविक तुरंत जल पुलिस को सूचित करें और जोखिमपूर्ण निर्णय लेने से बचें। घाटों पर अव्यवस्था, अवैध पार्किंग और अनधिकृत संचालन पर निगरानी बढ़ाने के लिए जल पुलिस को नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान नाविकों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीरता से विचार किया गया।
तीन साहसी नाविकों का सम्मान
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने तीन साहसी नाविकों आकाश साहनी, छोटू साहनी और राकेश साहनी को सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर गंगा में डूब रहे लोगों को बचाया था। उनके इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए अन्य नाविकों को भी जिम्मेदारी और मानवता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना, नाव जब्ती और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार और गौरव बंसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

