वाराणसी में गंगा का जलस्तर सामान्य होने पर फिर शुरू हुआ नौका संचालन, सुरक्षा मानकों का करना होगा पालन
वाराणसी। गंगा के जलस्तर और मौसम की स्थिति में सुधार के बाद वाराणसी में बुधवार से नावों का संचालन पुनः शुरू कर दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खराब मौसम और गंगा में बढ़े जलस्तर के कारण पिछले दिनों नाव संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। जल पुलिस ने एनडीआरएफ और संबंधित अधिकारियों से समन्वय के बाद अब स्थिति सामान्य होने पर संचालन बहाल कराया है। नौकायन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. सदाकांत गुप्ता के अनुसार, केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 63.61 मीटर दर्ज किया गया। वाराणसी में गंगा का चेतावनी स्तर 70.26 मीटर, खतरे का स्तर 71.26 मीटर और उच्चतम बाढ़ स्तर 73.90 मीटर निर्धारित है।
11 अगस्त की सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 63.71 मीटर दर्ज किया गया था, जो चेतावनी स्तर से करीब 6.50 मीटर नीचे था। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में गंगा का जलस्तर सामान्य स्थिति में है और बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। जल पुलिस ने नाविकों और यात्रियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। नाव संचालन बहाल होने से गंगा भ्रमण और घाटों के बीच आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिली है।

