होली पर बूथ स्तर तक पहुंचेगा भाजपा का जनसंपर्क अभियान, प्रदेश महामंत्री ने की समीक्षा, संगठन को और सक्रिय व जनकेंद्रित बनाने पर दिया जोर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। होली के पावन अवसर पर बीजेपी ने बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने काशी क्षेत्र के 16 जिलों के जिला प्रभारियों, बीएलए-1 वाराणसी जिला एवं महानगर के मंडल अध्यक्षों के साथ सर्किट हाउस में अलग-अलग बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इसमें संगठन को अधिक सक्रिय, गतिशील और जनकेंद्रित बनाने पर जोर दिया गया। 

धर्मपाल सिंह ने जनसेवा के मार्ग में आने वाली चुनौतियों, कार्यशैली में नवाचार और बूथ स्तर तक प्रभावी संवाद स्थापित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि होली के अवसर पर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदाताओं से मिलें और उन्हें शुभकामनाएं दें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम पुनरीक्षण के दौरान सूची से अनमैप न हुआ हो।

123

उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को नोटिस प्राप्त हुई हो, तो उसका कारण जानकर आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित प्रपत्र बीएलओ के पास जमा कराएं। लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए। धर्मपाल सिंह ने यह भी कहा कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनसे फार्म-6 भरवाकर बीएलओ के पास जमा कराया जाए, ताकि वे मतदाता सूची में शामिल हो सकें।

पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान-2026 पर जोर
बैठक में पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यशालाओं पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि होली के बाद मंडल स्तर पर अलग-अलग कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके पश्चात जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर की कार्यशालाएं संपन्न होंगी।

123

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। इससे संगठनात्मक कार्यप्रणाली में एकरूपता आएगी और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्रहित की भावना और सशक्त होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महाअभियान भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक संगठित एवं प्रभावी बनाएगा।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की। संचालन महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने दिया। बैठक में प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, मीना चौबे, कौशलेंद्र सिंह पटेल, राजेश राजभर, नागेंद्र रघुवंशी, नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, संतोष सोलापुरकर, जगदीश त्रिपाठी, संजय सोनकर, सुरेश सिंह, अशोक जाटव, प्रवीण सिंह गौतम, मधुकर चित्रांश, अशोक पटेल, पवन सिंह, अरविंद पटेल, संजय सिंह सहित सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Share this story