पीएम के खिलाफ टिप्पणी पर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंका
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। वार्ड नंबर 23 के सभासद प्रतिनिधि राम सिंह यादव उर्फ कल्लू के नेतृत्व में मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई और बाद में पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।

कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विरोध यात्रा वार्ड नंबर 23 के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी, जहां लोगों ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। सभासद प्रतिनिधि राम सिंह यादव उर्फ कल्लू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा हो सकता है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अपमानजनक भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है और यहां की जनता उनसे विशेष जुड़ाव और सम्मान रखती है। ऐसे में यदि कोई नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ अनुचित टिप्पणी करता है तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगी। उन्होंने दावा किया कि यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं बल्कि वाराणसी की जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। राम सिंह यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और विशेष रूप से वाराणसी में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जनता भली-भांति देख रही है। उन्होंने कहा कि जनता विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को पसंद करती है तथा अपमानजनक बयानबाजी करने वालों को स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर अजय राय को वाराणसी से चुनाव मैदान में उतारती है तो जनता उन्हें पहले से भी बड़े अंतर से पराजित करेगी। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभाले रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। अंत में कार्यकर्ताओं ने अजय राय का पुतला दहन कर प्रदर्शन समाप्त किया। इस अवसर पर अभय सिंह, राकेश सिंह, आशुतोष पांडेय, विनोद पटेल, गुंजन राय, भूपेंद्र राय, राहुल यादव, रवि पटेल, सुजीत पटेल, आशीष गुप्ता, बबलू साहनी, रामजी गुप्ता, किसुन पटेल और दीपक राय सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

